Ranchi: चाईबासा पुलिस ने सदर अस्पताल के बाहर ब्लड उपलब्ध कराने के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने मरीज के परिजन से 4700 रुपये छीनकर फरार हो गया था. गिरफ्तार आरोपी संजय सोलंकी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गुडसाई स्थित सैमसन डेवगम के मकान में किरायेदार है.
मिली जानकारी के अनुसार वादी बुधराम गोव ने 25 जुलाई को अपनी पत्नी ललिता गोव का इलाज कराने के लिए चाईबासा सदर अस्पताल में भर्ती कराया था. चिकित्सक के निर्देश पर ब्लड की जरूरत पड़ी. ब्लड बैंक में ब्लड उपलब्ध नहीं होने पर बुधराम ब्लड बैंक के बाहर खड़े थे. तभी एक व्यक्ति आया और पैसे के बदले ब्लड उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. जैसे ही बुधराम ने जेब से 4700 रुपये निकाले, वह व्यक्ति रुपये छीनकर भाग गया. दूसरे दिन दोपहर 12 बजे जब बुधराम फिर ब्लड के लिए अस्पताल गए तो उन्होंने उस व्यक्ति को पहचान लिया और पकड़ लिया. पुलिस ने उसे सदर थाना (कांड सं. 73/25) में दर्ज मामले में गिरफ्तार कर लिया.
