Patna: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को पटना स्थित देवीपद शहीद स्मारक (मिलर) उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण कर इसे राज्य के एक आदर्श मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस स्कूल को ऐसा मॉडल बनाया जाए, जो राज्य के सभी विद्यालयों के लिए प्रेरणास्रोत एवं अनुकरणीय बने. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालय के समग्र विकास के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित करें. स्मार्ट कक्षाओं की स्थापना, प्रयोगशालाओं का सुदृढ़ीकरण, पुस्तकालय का विस्तार, खेल सुविधाओं का उन्नयन तथा परिसर का सौंदर्याकरण किया जाए.

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं तथा बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी अलग से व्यवस्था की जाएगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि शाम 5 बजे से 8 बजे के बीच बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए. मिलर स्कूल मैदान में रौशनी की पर्याप्त व्यवस्था रखने का भी निर्देश दिया.

स्मार्ट स्टीम-रोबोटिक्स लैब की ली जानकारी

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, खेल सुविधाओं तथा अन्य आधारभूत संरचनाओं का जायजा लिया. शहीद देवीपद चौधरी को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. मुख्यमंत्री को स्मार्ट स्टीम, रोबोटिक्स एंड AI लैब को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई. क्लासरूम में जाकर बच्चों से उनकी शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली और बच्चों-शिक्षकों से मॉडल स्कूल बनाने के लिए सुझाव भी सुने.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed