Patna: मुहर्रम पर्व पर विधि-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान मोबाइल चलाना एक महिला सिपाही को भारी पड़ गया. किशनगंज एसपी संतोष कुमार ने महिला सिपाही अनुप्रिया कुमारी को कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, मनमानेपन, स्वेच्छाचारिता एवं आदेशोल्लंघन के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. मुहर्रम पर्व विधि-व्यवस्था और साम्प्रदायिक दृष्टिकोण से संवेदनशील होता है. बिहार पुलिस मुख्यालय और किशनगंज एसपी का स्पष्ट निर्देश है कि वीआईपी सुरक्षा, यातायात, चौक-चौराहों जैसी ड्यूटी में अनावश्यक मोबाइल/इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का इस्तेमाल नहीं होगा. इसके बावजूद सिपाही द्वारा अनुशासनहीनता बरती गई, जो कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही है. एसपी ने महिला सिपाही अनुप्रिया कुमारी को निलंबित कर दिया. साथ ही डीएसपी रक्षित को 2 दिन में विस्तृत तथ्यात्मक जांच रिपोर्ट और निलंबित सिपाही को 7 दिन में विभागीय कार्रवाई के विरुद्ध स्पष्टीकरण समर्पित करने का निर्देश दिया गया है.

सौदागर पट्टी चौक पर पकड़ी गईं

बीते शुक्रवार को दोपहर करीब 12:15 बजे किशनगंज एसपी खुद शहर में मुहर्रम पर्व को लेकर भ्रमणशील थे. इस दौरान सौदागर पट्टी चौक पर ड्यूटी में तैनात महिला सिपाही अनुप्रिया कुमारी मोबाइल ईयर फोन का उपयोग करते हुए पाई गईं. वरीय पदाधिकारी के बुलाने पर भी वह फोन से मग्न रहीं और मनमाने तरीके से अपनी जगह से टस से मस नहीं हुईं, कुर्सी पर बैठी रहीं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed