Patna: मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र में 25 जून की सुबह शादी समारोह में गाना बजाने और खाने-पीने को लेकर हुए विवाद में रंजीत कुमार की गोली मारकर हत्या का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया. एसएसपी के निर्देश पर बनी टीम ने डीजे संचालक समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इनके पास से एक देशी पिस्टल, एक कट्टा, दो गोली और एक खोखा पुलिस ने बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपी में तुर्की थाना क्षेत्र के विक्की कुमार, करजा थाना क्षेत्र के डीजे संचालक धीरज कुमार उर्फ गोलू, नीरज कुमार और पानापुर थाना क्षेत्र के रामबाबू सहनी का नाम शामिल है. पूछताछ में खुलासा हुआ कि शादी समारोह में गाना बजाने और खाने-पीने को लेकर हुए विवाद में डीजे संचालक विक्की कुमार और उसके सहयोगियों ने रंजीत को गोली मार दी थी.
शादी में विवाद बना हत्या की वजह
मिली जानकारी के अनुसार 25 जून को करजा थाना में शादी समारोह में आए रंजीत कुमार को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी थी. मृतक के बहनोई के फर्दबयान पर करजा थाना (कांड सं0-188/26) में मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता देखते हुए मुजफ्फरपुर एसएसपी के निर्देश पर सरैया एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई. गठित टीम कार्रवाई करते हुए टीम ने पहले विक्की कुमार और रामबाबू सहनी को दबोचा. इनकी निशानदेही पर घटना में शामिल नीरज कुमार और धीरज कुमार उर्फ गोलू को भी गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार नीरज और धीरज की निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, दो गोली और एक खोखा बरामद किया. हथियार बरामदगी के संदर्भ में अलग से करजा थाना (कांड सं0-189/26) में मामला दर्ज किया गया है.
