Ranchi: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड में लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए राज्य के सभी उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी, अंचलाधिकारी , प्रखंड विकास पदाधिकारी,पंचायत प्रतिनिधियों को निदेश दिया है कि सभी सरकारी कार्यालयों के बाहर, एवं सार्वजनिक स्थलों पर आम जनों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें तथा इसकी स्पष्ट सूचना भी प्रदर्शित करें, ताकि राहगीरों एवं आम लोगों को राहत मिल सके.
किसी भी गाँव, टोला या मोहल्ले में पेयजल की कमी के कारण लोगों को परेशानी न हो
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सभी उपायुक्त यह भी सुनिश्चित करने का निदेश दिया है कि जहाँ कहीं भी जल संकट की स्थिति हो, वहाँ तत्काल टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति करें साथ ही चापाकलों की मरम्मत एवं अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाएँ की जाएँ. किसी भी गाँव, टोला या मोहल्ले में पेयजल की कमी के कारण लोगों को परेशानी न हो, यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने एक्स के माध्यम से कहा है कि जनहित सर्वोपरि है. भीषण गर्मी के इस दौर में प्रशासन पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य करे.
