Patna: लखीसराय सदर अस्पताल में सफाईकर्मी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले का पुलिस ने 6 घंटे के अंदर सफल उद्भेदन कर लिया है. मामले में 1 आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. कवैया थाना क्षेत्र के जयनगर बड़ी के रहने वाले गिरफ्तार प्रेमी नीतीश कुमार उर्फ नीतीश राज के पास से मोबाइल, आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो पुलिस ने बरामद का है. जांच में पता चला कि मृतिका कुसमा देवी और आरोपी नीतीश कुमार का प्रेम-प्रसंग चल रहा था. नीतीश के पास कुसमा के आपत्तिजनक फोटो-वीडियो थे, जिसके आधार पर वह उसे ब्लैकमेल करता था. इसी प्रताड़ना से परेशान होकर कुसमा देवी ने आत्महत्या कर ली.

बंद कमरे में मिली थी सफाईकर्मी की लाश

मिली जानकारी के अनुसार 16 अगस्त को सदर अस्पताल में सफाईकर्मी कुसमा देवी ने बंद कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर लीय घटना की सूचना मिलते ही कवैया थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर पड़ताल किया. लखीसराय एसडीपीओ ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया. एसआईटी ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो एक व्यक्ति द्वारा मृतिका कुसमा देवी को परेशान करते दिखा. सीसीटीवी के आधार पर नीतीश कुमार की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया. पूछताछ में नीतीश ने मृतिका को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की बात स्वीकार की. उसके मोबाइल की जांच में कुसमा देवी के कई आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो मिले. परिजनों के आवेदन पर कवैया थाना (कांड संख्या-311/26) में मामला दर्ज किया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed