सिमडेगा पुलिस ने अवैध बालू तस्करी के दौरान गश्ती दल पर जानलेवा हमला करने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही घटना में प्रयुक्त स्वराज ट्रैक्टर, ट्रोली और मोबाइल फोन भी जप्त किया गया है. गिरफ्तार आरोपी में सिमडेगा थाना क्षेत्र के टभाडीह तामडा के रहने वाले बालकेश्वर ग्वाला, विजय डुंगडुंग उर्फ बिजु और गुमला जिले क सुरसांग थाना क्षेत्र के रहने वाले रोहित गोप का नाम शामिल है. एसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया. ट्रैक्टर को गुमला के सुरसांग थाना क्षेत्र से बरामद किया गया. गिरफ्तार बालकेश्वर ग्वाला और विजय डुंगडुंग का आपराधिक इतिहास है. अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है.
क्या है मामला
मिली जानकारी के अनुसार 10 अगस्त की रात करीब 01.30 बजे सिमडेगा थाना सैट-19 के एएसआई अरुण कुमार सिंह, आरक्षी माधव प्रजापति एवं चालक सैयद ग्यास हुसैन रात्रि गश्ती पर थे. गुप्त सूचना मिली कि तामड़ा घाट पालामारा नदी से 2 ट्रैक्टर में अवैध बालू लोड कर खूटीटोली की ओर आ रहे हैं. सूचना पर पुलिस टीम खूट्टी टोली चौक पर चेकिंग लगाने पहुंची. समय करीब 02.00 बजे आगे एक ग्रे रंग की डिजायर कार और पीछे 2 बालू लदे ट्रैक्टर आते दिखे. कार को रोकने का इशारा करने पर कार सवार भाग गए. इसके बाद ट्रैक्टरों को रोकने का इशारा किया गया तो पहले ट्रैक्टर चालक ने जान मारने की नियत से तेज रफ्तार से एएसआई अरुण कुमार सिंह को धक्का मारकर गिरा दिया और उनके ऊपर से ट्रैक्टर चढ़ाकर भाग गया. पीछे वाले ट्रैक्टर ने भी यही हरकत की. हमले में एएसआई अरुण कुमार सिंह के दाहिना पैर, सिर, कमर एवं शरीर के अन्य भागों में गंभीर चोटें आईं. उन्हें पहले सिमडेगा सदर अस्पताल और फिर गंभीर स्थिति के कारण रांची रेफर किया गया. इस संबंध में सिमडेगा थाना (कांड संख्या- 107/26) में मामला दर्ज किया गया.
