Ranchi: साहेबगंज पुलिस ने गुल्लीमढ़ा में हुए चोरी कांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी और 1 नाबालिक को गिरफ्तार किया है. चोरी गया सोना-चांदी का सामान भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस ने आरोपी के घर से सोना का मंगलसूत्र, गले का हार, चैन, कान के टॉप्स-2 जोड़ा, बाली-1 जोड़ा, सिक्का, टॉप्स, चांदी का पायल-5 जोड़ा, कटोरी, सिक्का, सिंदूर दानीअन्य: अंगूठी के स्टोन-3, नकली बेसर, नीला पिठ्ठू बैग बरामद किया गया है.
पुलिस के अनुसार 14-15 अगस्त की रात गुल्लीमढ़ा निवासी ज्योति कुमारी के घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने चोरी की थी. इस संबंध में नगर थाना (कांड सं0-150/26) में मामला दर्ज किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. गुप्त सूचना, तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को पता चला कि चोरी में वादिनी के घर के पास रहने वाले मंटू पासवान के दामाद विशाल पासवान और एक नाबालिक शामिल हैं. छापामारी दल ने आरोपी विशाल पासवान के बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले क रायगंज थाना क्षेत्र के कंचनपट्टी स्थित घर पर छापेमारी कर चोरी का सामान बरामद किया. विशाल पासवान पहले से ही रायगंज थाना (कांड-943/26) में दर्ज आर्म्स एक्ट में रायगंज करेक्शनल होम में बंद है. वहीं एक नाबालिक को भी निरुद्ध किया गया है.
