Ranchi: जिले में कानून-व्यवस्था को और चुस्त-दुरुस्त करने के लिए हजारीबाग एसपी ने मंगलवार को सभी डीएसपी, एसडीपीओ, निरीक्षक और थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की. बैठक में 13 बिंदुओं पर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए. एसपी ने आगामी ईद उल मिलाद पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर पुलिस को अलर्ट रहने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि महिला अत्याचार, छेड़खानी, दुष्कर्म और पोक्सो के लंबित मामलों को अगले 60 दिनों के अंदर हर हाल में निपटाया जाए.

लंबित कांड और वारंट निष्पादन पर जोर

वर्ष 2025 से पहले के लंबित कांडों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने को कहा गया. सभी थानों को जमानती-गैरजमानती वारंट, इश्तेहार और कुर्की-जब्ती के लिए विशेष अभियान चलाने का आदेश दिया गया. जुलाई 2026 तक जिले में 317 नए कांड दर्ज हुए, जबकि 668 कांडों का निष्पादन किया गया. इसी अवधि में 1225 वारंट/कुर्की और 1749 पासपोर्ट का सत्यापन भी पूरा किया गया. बेहतर प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.

अवैध कारोबार और संगठित अपराध पर कार्रवाई

बैठक में नशे की खरीद-बिक्री वाले स्थानों को चिन्हित कर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. अवैध कोयला, बालू और पत्थर खनन पर रोक लगाने के लिए अंचलाधिकारी और जिला खनन पदाधिकारी के साथ समन्वय कर कार्रवाई करने को कहा गया. संगठित गिरोह, अवैध खन और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ CCA, थाना हाजरी और गुंडा पंजी की कार्रवाई करने का भी निर्देश है.

जेल से छूटे अपराधियों की गतिविधियों पर नजर

एसपी ने हर थाना में साप्ताहिक थाना दिवस लगाकर जमीन विवाद को अंचलाधिकारी के साथ निपटाने का निर्देश दिया. साइबर अपराध के लंबित कांडों को प्राथमिकता पर निपटाकर आरोपी की गिरफ्तारी करें. साइबर, महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा को लेकर आम लोगों में जागरूकता फैलाएं. पिछले 5 साल में जेल से छूटे अपराधियों की सूची बनाकर उनकी गतिविधियों पर नजर रखें. आम जनता की समस्याएं सुनकर समय पर निष्पादन सुनिश्चित करें. एसपी ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश का अक्षरशः पालन करने को कहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed