Ranchi: जमशेदपुर एसीबी की टीम ने चाईबासा जिले के बंदगांव थाना प्रभारी को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी थाना प्रभारी पर एनडीपीएस केस से नाम हटाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है.
मिली जानकारी के अनुसार चाईबासा निवासी बिरजाय मुण्डू ने एसीबी को लिखित आवेदन देकर बताया कि बंदगांव थाना प्रभारी एसआई मनीष कुमार ने उनसे कहा कि एनडीपीएस एक्ट के बंदगांव थाना (कांड सं0-07/25) में दर्ज मामले में उनके बड़े भाई लाचो मुण्डू उर्फ गुरुज का नाम है. केस से नाम हटाने के लिए थाना प्रभारी ने 20,000 रुपये रिश्वत की मांग की. परिवादी रिश्वत देने को तैयार नहीं थे. एसीबी ने आवेदन का सत्यापन कराया. सत्यापन में 15,000 रुपये रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई. इसके बाद एसीबी थाना (कांड सं0-04/26) में मामला दर्ज कर ट्रैप टीम गठित की. गुरुवार क कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी मनीष कुमार को परिवादी से 15,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया.
