Patna: मुजफ्फरपुर पुलिस ने फिरौती के लिए अपहरण के एक मामले का मात्र 8 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन करते हुए अपहृत को सकुशल बरामद कर लिया है. इस मामले में चार आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपी में वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र के सुरज कुमार उर्फ सुरज कुमार सिंह उर्फ सुरजभान सिंह, सारण जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र के रौशन कुमार, समस्तीपुर जिले के बंगरा थाना क्षेत्र के अभिषेक कुमार और यूपी के कानपुर जिले के पनकी थाना क्षेत्र के गौरव सिंह का नाम शामिल है. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक वाहन और 4 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.

मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी ने बताया कि मिठनपुरा थाना क्षेत्र की निवासी शौच्या देवी उर्फ श्वेता कुमारी ने पुलिस को सूचना दी कि अज्ञात व्यक्तियों ने उनके पति चंदन कुमार का अपहरण कर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी है. आवेदिका के अनुसार 19 अगस्त की शाम लगभग 06:02 बजे अज्ञात नंबर से कॉल आया. फिरौती न देने पर हत्या की धमकी दी गई. इसी क्रम में वीडियो कॉल के जरिए पति के साथ मारपीट का दृश्य भी दिखाया गया, जिसे आवेदिका ने दूसरे मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया. प्राप्त आवेदन पर मिठनपुरा थाना (कांड सं0-233/26) दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर एसएसपी के निर्देश पर एसडीपीओ नगर-01 के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. गठित टीम ने लगातार आसूचना संकलन और तकनीकी अनुसंधान के बाद यूपी के बलिया जिले के हल्दी थाना क्षेत्र में छापेमारी की और मात्र 08 घंटे के भीतर अपहृत चंदन कुमार को सकुशल बरामद कर लिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed