Saharsa: सहरसा जिले के पतरघट थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 144 लीटर प्रतिबंधित कोरेक्स सिरप के साथ 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है. इस दौरान 2 वाहन भी जप्त किए गए हैं. गिरफ्तार आरोपी में सहरसा के पटुआहा के रहने वाले डब्लू यादव उर्फ डब्लू कुमार, मधेपुरा जिले क आदर्श नगर के रहने वाले ललटू कुमार उर्फ शौशव कुमार, फुलौत के रहने वाले रोशन कुमार और भानटेठी के रहने वाले पुकार आनंद का नाम शामिल है.
पुलिस के अनुसार सहरसा एसपी के निर्देश पर जिले में नशीली पदार्थ तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि अतलखा-मधेपुरा सड़क मार्ग से एक स्कॉर्पियो में अवैध सामान लेकर पतरघट की ओर आ रहा है. सूचना पर ग्राम विष्णुपुर के पास वाहन को रोकने का प्रयास किया गया. पुलिस को देखकर चालक गाड़ी छोड़कर भागने लगा, जिसे पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया. तलाशी में स्कॉर्पियो से 1440 बोतल प्रतिबंधित कोरेक्स सिरप, चालक ललटू कुमार को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार तस्कर की निशानदेही पर एफसीआई गोदाम के पास से एक बेलेनो वाहन के साथ 3 अन्य सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया गया. इस संबंध में पतरघट थाना (कांड सं0-175/26) में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि मामले के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है ताकि अन्य संलिप्त लोगों को भी पकड़ा जा सके.
