Patna: गोपालगंज पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर 11 लाख 7 हजार 500 रुपये की ठगी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी रजनीश कुमार मोतिहारी जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र के मनकररिया का रहने वाला है. पैसा वापस लेने के लिए वादी ने आरोपी रजनीश कुमार को गोपालगंज बुलाया. गोपालगंज पहुंचने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
पत्नी-भाई के खाते में भेजे थे पैसे
पुलिस के अनुसार 19 अगस्त को नगर थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया. इस संबंध में नगर थाना (कांड संख्या-830/26) दर्ज किया गया. वादी अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि उनके पुत्र की दुर्घटना में मृत्यु के बाद वे पटना उच्च न्यायालय आते-जाते थे. इसी दौरान उनकी मुलाकात रजनीश कुमार नामक व्यक्ति से हुई. आरोपी ने खुद को सचिवालय के टेक्नोलॉजी विभाग का ऑफिस इंचार्ज बताया और वादी के दोनों पुत्रों को नौकरी दिलाने का प्रलोभन दिया. आरोपी के झांसे में आकर वादी ने कुल 11,07,500 रुपये विभिन्न माध्यमों से दिए. राशि आरोपी रजनीश कुमार, उसकी पत्नी और भाई के विभिन्न बैंक खातों/UPI में भेजी गई थी. आरोपी ने वादी को विश्वास दिलाने के लिए SSC MTS Non-Technical Examination-2024 का फर्जी/कूटरचित परिणाम भी बनाकर दिखाया.
