Patna: मोतिहारी जिले के हरसिद्धि थाना पुलिस ने 12 घंटे के अंदर एक सनसनीखेज हत्या कांड का सफल उद्भेदन किया है. मामले में अपनी ही माँ की हत्या करने वाले बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है. घटना में प्रयुक्त खून लगा डैगर चाकू भी बरामद किया गया है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 अगस्त को हरसिद्धि थानांतर्गत बनकटवा निवासी जुम्मन मियां ने थाने में आवेदन दिया. उन्होंने बताया कि 18 अगस्त को दोपहर में उनकी पत्नी नजमा खातून अपने पुत्र आलम हुसैन के साथ अरराज बैंक से 45,000 रुपये निकालकर घर लौट रही थीं. इसी दौरान ग्राम खोरी-पाकर चिमनी के पास 4 अपराधियों ने उन्हें रोककर मारपीट की और नजमा खातून को पैसा सहित उठा ले गए. सूचना पर प्राथमिकी दर्ज कर मोतिहारी एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. अनुसंधान में जब मृतका के पुत्र आलम हुसैन से पूछताछ की गई तो उसके बयान में विरोधाभास मिला. सीसीटीवी फुटेज में भी मृतिका और आलम अकेले ही सेवरा की ओर जाते दिखे. सख्ती से पूछताछ पर आलम के गर्दन पर ईख के पत्ते से कटे का निशान और कपड़ों पर खून के धब्बे मिले.

पैसे के लिए की माँ की हत्या

पूछताछ में आलम हुसैन ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. उसने बताया कि 18 अगस्त को उसने अपनी माँ से पैसे निकलवाने के लिए अरराज जाने की बात कही. रास्ते में उसने एक डैगर खरीदा. जब माँ टोटो से सेवरा पहुंची तो उसे बाईक पर बैठाकर खोरी पाकर चिमनी के पास ले गया. यहाँ उसने माँ को बताया कि चावल का बोरा ईख के खेत में रखा है. माँ के खेत में जाते ही उसने डैगर से माँ नजमा खातून की हत्या कर दी और 45 हजार रुपये लेकर चाकू को खेत में फेंक दिया. घटना को अपहरण और लूट का रूप देने के लिए वह सड़क पर लेटकर रोने लगा और ग्रामीणों को झूठी कहानी सुनाई. पुलिस ने आरोपी के घर से छिपाए गए 45 हजार रुपये भी बरामद कर लिए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed