Patna: भागलपुर पुलिस ने ड्यूटी में लापरवाही के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बाईपास थाना के एएसआई  नीरज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. साथ ही फरार हुए मवेशी लदे वाहन को सहरसा से बरामद कर लिया गया है.

क्या है मामला

मिली जानकारी के अनुसार 20 अगस्त की देर शाम बाईपास थाना क्षेत्र में एक मवेशी लदा वाहन को रोका गया था. वाहन की निगरानी के लिए थाना पुलिस पदाधिकारी (एएसआई) नीरज कुमार प्रभारी पदाधिकारी के रूप में मौजूद थे. चौकीदार द्वारा सूचना दी गई कि पदाधिकारी की लापरवाही अथवा संदिग्ध आचरण के कारण मवेशी लदा वाहन थाना क्षेत्र से फरार हो गई. सूचना की गंभीरता और संबंधित पुलिस पदाधिकारी के प्रथमदृष्टया लापरवाही एवं संदिग्ध आचरण को देखते हुए भागलपुर एसएसपी ने एएसआई नीरज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर सामान्य जीवनयापन भत्ता पर रखने का आदेश दिया. मामले में विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

सहरसा से बरामद हुआ वाहन

एसएसपी ने बाईपास थाना अध्यक्ष विकास कुमार को फरार वाहन की तत्काल बरामदगी का निर्देश दिया. निर्देश पर थाना अध्यक्ष ने पुलिस टीम के साथ वाहन का पीछा किया और रात लगभग 12 बजे सहरसा जिला क्षेत्र से वाहन को बरामद कर लिया. बरामद वाहन में काफी संख्या में मवेशी पाए गए हैं. मवेशियों और वाहन से संबंधित तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है. सत्यापन के बाद विधि अनुसार कार्रवाई होगी. एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही, कर्तव्यहीनता या संदिग्ध आचरण को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed