Ranchi: प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह के सघन निरीक्षण में बरडीहा प्रखंड के दबंगों की साजिश और सिस्टम की लापरवाही दोनों उजागर हो गई. बीडीओ ने गरीब के जर्जर मकान को देखकर कड़ा रुख अपनाते हुए तत्काल आवास निर्माण के निर्देश दिए और राशन में कटौती करने वाले डीलर को फटकार लगाई.

‘मानवता के खिलाफ है काम रोकना’

निरीक्षण के दौरान बीडीओ की नजर कुन्दरहे गांव में एक अत्यंत जर्जर मकान पर पड़ी. घर कभी भी गिर सकता था. पूछने पर कुछ असमाजिक तत्वों ने कहा “घर खाली है”. लेकिन सच्चाई सामने आने पर पता चला कि गृहस्वामी राजेंद्र सिंह के परिवार को आवास स्वीकृत है, लेकिन दबंगों ने फर्जी रजिस्ट्री का दावा कर निर्माण रुकवा रखा है. इस पर बीडीओ भड़क गए. उन्होंने कहा:  “ज़मीन विवाद का बहाना बनाकर किसी गरीब को बेघर नहीं रखा जा सकता. यह मानवता के खिलाफ है. कोई भी ताकत इस गरीब का घर बनने से नहीं रोक सकती. ज़मीन विवाद का निष्पादन मैं स्वयं करूँगा, लेकिन निर्माण कार्य तुरंत शुरू होना चाहिए.” मौके पर ही आवास कोऑर्डिनेटर रवि रंजन को अविलंब काम शुरू कराने का आदेश दिया गया.

ग्रामीणों ने बढ़ाया मदद का हाथ

बीडीओ के मानवीय रुख से प्रभावित होकर ग्रामीण एकजुट हुए. किसी ने ट्रैक्टर छरी, किसी ने बालू तो किसी ने सीमेंट देने का संकल्प लिया.

अतिक्रमण हटाकर खुलवाया आम रास्ता

कुन्दरहे मोड़ पर मुखिया उमेश प्रजापति के नेतृत्व में 50-60 ग्रामीणों की शिकायत पर बीडीओ ने गांव के मुख्य रास्ते पर बंधे मवेशियों और लगे नाद-खूंटा को हटवाकर रास्ता मुक्त कराया. ब्लॉक कॉलोनी में पक्की सड़क नहीं होने पर जल्द निर्माण का भरोसा भी दिलाया.

स्कूल, आंगनबाड़ी और राशन दुकान का निरीक्षण

बीडीओ ने गांव के खेल मैदान और स्कूल में साफ-सफाई संतोषजनक पाई. आंगनबाड़ी में बच्चों से पढ़ाई की जानकारी ली. ‘अनीता स्वयं सहायता समूह’ की राशन दुकान पर लाभुकों ने कटौती की शिकायत की. इस पर बीडीओ ने डीलर को सख्त हिदायत दी. कहा- गोदाम से पूरा राशन तौल कर लाएं, लाभुकों को निर्धारित मात्रा दें, दोबारा शिकायत पर कार्रवाई होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *