Ranchi: जमशेदपुर एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने सोमवार को साकची स्थित पुलिस अस्पताल का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया. एसएसपी ने अधिकारियों को आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और मरीजों को समय पर दवाइयां उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.

पुलिस परिवार के साथ आम लोगों को भी मिलता है इलाज

साकची स्थित पुलिस अस्पताल में पुलिस लाइन के पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के अलावा आसपास के सब्जी विक्रेता, ठेला चालक और गरीब मजदूर भी इलाज के लिए पहुंचते हैं. निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अस्पताल परिसर की व्यवस्था और मरीजों को मिल रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली.

एंटीवेनम सहित जीवनरक्षक दवाओं के स्टॉक की जांच

निरीक्षण के क्रम में अस्पताल में उपलब्ध दवाइयों के स्टॉक, आवश्यक दवाओं और जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा की गई. इसमें एंटीवेनम जैसी महत्वपूर्ण दवा की उपलब्धता और दवाओं के उचित रखरखाव की जानकारी भी ली गई.

समय पर दवा उपलब्ध कराने का निर्देश

एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल में जरूरी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखा जाए. मरीजों को इलाज के दौरान दवाइयों के लिए परेशानी नहीं होनी चाहिए और उन्हें समय पर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएं. निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक यातायात श्री नीरज सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *