Ranchi: एसपी के निर्देश पर सिमडेगा पुलिस ने हिट एंड रन मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. दुर्घटना के बाद फरार हुए ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है. गिरफ्तार आरोपी ट्रक चालक गंगा सागर यादव उड़ीसा के झारसुगुड़ा जिले के बृजराजनगर थाना क्षेत्र का रहने वाला है. पूछताछ में चालक ने दुर्घटना कारित करने का अपराध स्वीकार कर लिया. इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल बाईक सवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
क्या है मामला
मिली जानकारी के अनुसार 3 अगस्त को समय करीब 11:30 बजे टी.टांगर थाना क्षेत्र में कसडेगा के पास एक ट्रक ने बाईक को टक्कर मार दी. दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर सिमडेगा की ओर फरार हो गया था. सूचना पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची. सिमडेगा, कोलेबिरा और अन्य संभावित स्थानों पर छापेमारी की गई. इसके बाद सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कसडेगा पेट्रोल पंप की पार्किंग के पीछे छिपाकर खड़ा किया गया है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक (CG10AR9242) बरामद किया. आसपास छापेमारी के दौरान ट्रक चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया. इस संबंध में टी0टांगर थाना (कांड संख्या 35/26) में मामला दर्ज किया गया है.
