Ranchi: टेंपो से मायके से ससुराल जा रही महिला का रास्ते में गुम हुआ पर्स चतरा जिले के हंटरगंज थाना पुलिस ने बरामद कर लिया है. पर्स में रखे सोने-चांदी के सभी जेवर और रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन भी सुरक्षित मिल गया है. पुलिस ने तकनीकी सेल की मदद से सामान बरामद किया. अब आवेदिका को सामान की पहचान कराने के बाद उसे सौंपने की कार्रवाई की जा रही है.
हंटरगंज बाजार पहुंचने पर गायब मिला था पर्स
पुलिस के अनुसार, गया जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालकेड़ा गांव निवासी सुमन कुमारी (22 वर्ष), पति मनोज सिंह, 23 सितंबर 2026 को अपने मायके प्रतापपुर थाना क्षेत्र के घोड़दौर गांव से टेंपो के जरिए ससुराल के लिए निकली थीं. हंटरगंज बाजार पहुंचने पर उन्हें अपना पर्स नहीं मिला. पर्स में मोबाइल फोन के अलावा सोने और चांदी के कीमती आभूषण रखे हुए थे. इसके बाद उन्होंने हंटरगंज थाना में पर्स गुम होने की लिखित शिकायत दी थी.
तकनीकी सेल की मदद से मिला सुराग
मामले को गंभीरता से लेते हुए हंटरगंज थाना पुलिस ने तकनीकी सेल के सहयोग से जांच शुरू की. पुलिस ने प्रयास करते हुए महिला का गुम हुआ पर्स और उसमें रखे सभी सामान बरामद कर लिए. बरामदगी की सूचना आवेदिका को दे दी गई है. पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सामान उन्हें सौंपने की कार्रवाई की जा रही है.
सोने के तीन और चांदी के दस आभूषण बरामद
पुलिस द्वारा बरामद सामान में सोने का करीब आठ ग्राम का मंगटीका, छह ग्राम की नथिया और पांच ग्राम का जितिया शामिल है. इसके अलावा करीब 250 ग्राम की चांदी की पायल, आठ ग्राम की सिकड़ी, दुल्हन बिछिया, अंगूठा बिछिया, छोटा बिछिया, बजरंगबली का लॉकेट, चंद्रमा लॉकेट, छोटा पाया व घुंघरू तथा चांदी का ताबीज भी बरामद किया गया है. साथ ही रियलमी कंपनी का एक मोबाइल फोन भी मिला है.
