Patna: दरिगांव थाना क्षेत्र के पांची पहाड़ स्थित गीताघाट मोड़ के पास सुनसान रास्ते पर राहगीरों से हथियार का भय दिखाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का रोहतास पुलिस ने खुलासा किया है. इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटे गए दो मोबाइल फोन और 5600 रुपये बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार आरोपी में दरिगांव थाना क्षेत्र के तेंदुआ निवासी विशाल कुमार, रोहित कुमार और बड्डी थाना क्षेत्र के रायपुर चोर गांव के रहने वाले अमर कुमार उर्फ नेहाल उर्फ पोपल उर्फ रामजीत का नाम शामिल है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटे गए दो मोबाइल फोन और 5600 रुपये बरामद किए हैं. घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

पार्टी के बाद पहाड़ पर राहगीरों को बनाया निशाना

पुलिस के अनुसार, सात नवंबर को करीब छह-सात अपराधियों ने पांची पहाड़ के ऊपर गीताघाट मोड़ के पास सुनसान रास्ते पर आने-जाने वाले चार राहगीरों को हथियार का भय दिखाकर लूटपाट की थी. घटना के बाद दरिगांव थाना (कांड संख्या 201/26) में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई.

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि सात नवंबर को वे अपने दोस्तों के साथ पार्टी मनाने के लिए पांची डैम पहाड़ पर जुटे थे. पार्टी के बाद पहाड़ के ऊपर सुनसान रास्ते पर राहगीरों को निशाना बनाया. आरोपियों ने दो ट्रैक्टर चालकों से एक लॉकेट और एक मोबाइल फोन लूट लिया. वहीं, बर्तन बेचने वाले एक बाइक सवार से बाइक और बर्तन बिक्री के 5600 रुपये छीन लिए। इसके अलावा एक बुजुर्ग चरवाहे का कीपैड मोबाइल भी छीन लिया गया.

घटना की गंभीरता को देखते हुए रोहतास एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सासाराम-01 के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई. टीम ने कार्रवाई करते हुए विशाल कुमार, अमर कुमार उर्फ नेहाल उर्फ पोपल उर्फ रामजीत और रोहित कुमार को गिरफ्तार किया. वहीं, एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *