Patna: औरंगाबाद जिले के टंडवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम-मोहरी ईटवा में 5 साल के मासूम की हत्या का मामला सामने आया है. प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में एक युवक ने बच्चे को घर से गायब कर मार डाला. औरंगाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर शव बरामद कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी धनसेवक कुमार टंडवा थाना क्षेत्र के मोहरी ईटवा का रहने वाला है. बताया जा रहा है कि आरोपी का मृतक की बड़ी बहन से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. एक महीने पहले दोनों विवाह के लिए घर से भाग थे, लेकिन शादी करने में सफल नहीं होने पर आरोपी ने लड़की के परिवार वालों से बदला लेने का प्लान बनाया. इस क्रम में आरोपी ने लड़की के छोटे भाई की हत्या कर दी.
30 जून सुबह मिली गायब होने की सूचना
मिली जानकारी के अनुसार 30 जून को समय करीब 9:00 बजे प्रातः में टंडवा थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि सिद्धार्थ कुमार रात से घर से गायब है. सूचना मिलते ही टंडवा थाना में मामला दर्ज किया गया. पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए औरंगाबाद एसपी ने एसडीपीओ सदर-01 के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर मामले के उद्भेदन के लिए निर्देशित किया. गठित टीम लगातार भौतिक एवं वैज्ञानिक पद्धति से छापेमारी तथा सूचना संकलन किया. प्राप्त सूचना के आधार पर धनसेवक कुमार को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के क्रम में गिरफ्तार आरोपी ने बच्चे को घर से गायब कर मारने की बात स्वीकार किया. तत्पश्चात इसके निशानदेही से बच्चे के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेजा गया. प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि यह घटना प्रेम-प्रसंग से संबंधित है. पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है.
