Ranchi: रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र में पुराने जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया. 11 डिसमिल जमीन के झगड़े में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी. मृतक गिरिडीह जिले में सब-रजिस्ट्रार के पद पर पदस्थापित थे. मांडू थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून लगा ईंट का टुकड़ा और बांस का डंडा पुलिस ने जप्त किया है. गिरफ्तार आरोपी में रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र के हुवाग के रहने वाले संतोष कुमार साव उर्फ पम्मम, पत्नी रूबी कुमारी, रामू साव उर्फ ज्ञानी, पत्नी शकुन्तला देवी, चतरा जिले के मयूरहंड थाना क्षेत्र के पत्थरा के रहने वाले विनय कुमार, जमशेदपुर जिले के मानगो थाना क्षेत्र के सुभाष कॉलोनी के रहने वाली पूजा कुमारी और धनबाद जिले के राजगंज थाना क्षेत्र के बगदारा, कानाटाँड़ के रहने वाली लक्ष्मी देवी उर्फ डोली कुमारी का नाम शामिल है.
जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
मामले की जानकारी देते हुए रामगढ़ एसपी ने बताया कि 30 जून को ग्राम-बलसगरा में सुबह मांडू थाना को सूचना मिली कि 11 डिसमिल जमीन विवाद को लेकर एक पक्ष के कुछ लोगों द्वारा बालेश्वर पटेल के साथ मारपीट की जा रही है. बालेश्वर पटेल वर्तमान में गिरिडीह जिला सब-रजिस्ट्री कार्यालय में सब-रजिस्ट्रार के पद पर पदस्थापित थे. सूचना मिलते ही मांडू थाना पुलिस ने घायल बालेश्वर पटेल को प्राथमिक उपचार के लिए होप हॉस्पिटल रामगढ़ पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. मृतक की पत्नी के आवेदन पर मांडू थाना में (कांड सं0-151/26) में मामला दर्ज किया गया. एफएसएल की टीम को बुलाया गया. रामगढ़ एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने मानवीय आसूचना, स्थानीय लोगों से पूछताछ एवं वीडियो फुटेज के आधार पर अबतक घटना में संलिप्त 7 आरोपी को गिरफ्तार किया है.
