Patna: नीति आयोग द्वारा जारी आकांक्षी जिला कार्यक्रम ADP की जनवरी-मार्च 2026 तिमाही डेल्टा रैंकिंग में बिहार ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है. पूर्णिया जिला देशभर में प्रथम स्थान पर रहा है. नीति आयोग की रैंकिंग के अनुसार पूर्णिया जिला देश के 112 आकांक्षी जिलों में समग्र प्रदर्शन Overall Delta Ranking में प्रथम स्थान पर रहा. इसके साथ ही कृषि एवं जल संसाधन Agriculture & Water Resources विषयगत श्रेणी में भी पूर्णिया ने राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया है. वहीं बेगूसराय जिले ने शिक्षा Education विषय में देशभर में द्वितीय स्थान हासिल कर बिहार के लिए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अर्जित की है.
क्यों खास है ये रैंकिंग
आकांक्षी जिला कार्यक्रम 2018 में “Champions of Change” की अवधारणा के साथ शुरू हुआ था. इसका उद्देश्य स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, वित्तीय समावेशन और आधारभूत संरचना में सुधार लाना है. इसकी सबसे बड़ी विशेषता है कि जिलों का मूल्यांकन सिर्फ मौजूदा स्थिति से नहीं बल्कि नियत अवधि में हुए सुधार Delta Improvement के आधार पर किया जाता है.
सरकार ने किसे दिया श्रेय
योजना एवं विकास विभाग, बिहार सरकार ने इसे सुशासन, परिणाम आधारित योजना, डेटा-आधारित मॉनिटरिंग और विभागों के बीच प्रभावी समन्वय की सफलता बताया. विभाग ने कहा कि रियल टाइम मॉनिटरिंग, डिजिटल डैशबोर्ड और नियमित समीक्षा बैठकों से जमीनी स्तर पर योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है. पूर्णिया में कृषि उत्पादकता, सिंचाई विस्तार और किसानों तक योजनाओं की पहुंच बेहतर हुई है. वहीं बेगूसराय में विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता, उपस्थिति और अधिगम परिणाम में सुधार हुआ है.
“विकसित बिहार 2047” की दिशा में कदम
विभाग ने इसे “विकसित बिहार 2047” के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण संकेत बताया. राज्य सरकार ने पूर्णिया और बेगूसराय के जिला प्रशासन को बधाई देते हुए कहा कि अन्य जिले भी इससे प्रेरणा लेकर राष्ट्रीय पहचान बनाएंगे. विभाग आगामी तिमाहियों में आकांक्षी प्रखंडों में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए तकनीकी सहयोग और निगरानी बढ़ाएगा.
