Patna: सेवा, संकल्प और समर्पण के 100 दिन पूरे होने पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटना के बीआईटी मेसरा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 11,464 करोड़ रुपये की लागत वाली 2,476 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया. मुख्यमंत्री ने कहा, “यह सरकार बिहार की जनता की सरकार है, हम आपके सेवक हैं.” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ‘समृद्ध बिहार’ के सपने को साकार करने के लिए सरकार 15-18 घंटे काम कर रही है.
शिक्षा-स्वास्थ्य में बड़ा बदलाव
मुख्यमंत्री ने बताया कि आजादी के बाद अब तक राज्य में सिर्फ 278 डिग्री कॉलेज थे, लेकिन हमारी सरकार ने एक ही दिन में 211 नए डिग्री कॉलेज शुरू किए हैं. 551 स्कूलों को मॉडल स्कूल बनाया गया है और हर प्रखंड में आदर्श विद्यालय स्थापित किए जाएंगे. शिक्षा के क्षेत्र में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ए.आई. एवं कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय और शहीद जुब्बा सहनी आर्किटेक्चर एवं इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय भी स्थापित किए जाएंगे. स्वास्थ्य के क्षेत्र में 15 अगस्त के बाद बिना गंभीर बीमारी के मरीजों को जिला/अनुमंडल अस्पताल से रेफर करने की व्यवस्था समाप्त कर दी जाएगी. PPP मॉडल से मेडिकल सुविधाओं का विस्तार होगा.
निवेश और रोजगार पर फोकस
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 20 नवंबर तक बिहार में 5 लाख करोड़ का निवेश लाने का लक्ष्य है और हर जिले में 1-1 उद्योग लगाया जाएगा. वैशाली के राजापाकर में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग पार्क बनेगा जिसमें 20-30 हजार करोड़ का निवेश आएगा और करीब 1 लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा. वहीं गया के IMC परिसर में 3000 एकड़ में डेडिकेटेड स्टील प्लांट हब बनाया जाएगा. अगले 5 वर्षों में राज्य में 25 नई चीनी मिलें भी स्थापित की जाएंगी.
आधारभूत संरचना को नई गति
कार्यक्रम में सड़क, पुल, पेयजल, सिंचाई और उद्योग से जुड़ी 2,476 योजनाओं का शिलान्यास हुआ. राज्य में 12 नए टाउनशिप विकसित किए जाएंगे. पटना में 26 KM मरीन ड्राइव बन चुका है, अगले 3 साल में 200 KM और बनेगा. परिवहन के क्षेत्र में सोनपुर में देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनेगा. साथ ही दरभंगा और सुल्तानगंज एयरपोर्ट का भी विकास किया जाएगा.
सुशासन: 7 लाख आवेदनों का निपटारा
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए 534 प्रखंडों में सहयोग शिविर लगाए जा रहे हैं. अब तक 7 लाख आवेदन आए हैं, जिनमें से 90% का निपटारा हो चुका है. हर महीने के दूसरे मंगलवार को मुख्यमंत्री खुद पटना में राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम में सुनवाई करेंगे. कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव, मंत्री श्रवण कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और DGP विनय कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे. मुख्यमंत्रई ने 100 दिनों की उपलब्धियों पर आधारित पत्रिका, कॉफी टेबुल बुक और वीडियो फिल्म का भी लोकार्पण किया.
