Patna: मुजफ्फरपुर पुलिस ने मोतीपुर हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में मंतोष कुमार और अभिषेक कुमार का नाम शामिल है. दोनो आरोपी साहेबगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले है. आरोपी के पास से मृतक का मोबाईल पुलिस ने बरामद किया है. प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि हत्या आपसी वर्चस्व और प्रेम प्रसंग के कारण की गई थी.
मिली जानकारी के मुताबिक 21-22 जुलाई की रात मोतीपुर थाना क्षेत्र के मोतीपुर बस स्टैंड फ्लाई ओवर के पास अज्ञात अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर हत्या कर दी थी. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से मृतक की पहचान संतोष कुमार के रूप में हुई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. मृतक के परिजन के फर्दबयान पर मोतीपुर थाना (कांड सं0 281/26) में मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर एसएसपी के निर्देशन और ग्रामीण एसपी और एसडीपीओ पश्चिमी-01 के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. मानवीय एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर घटना में संलिप्त आरोपी मंतोष कुमार औऱ अभिषेक कुमार को मृतक के मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया गया. घटना में संलिप्त अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
