Patna: बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी मुहिम में बड़ी सफलता हासिल करते हुए इस वर्ष (2026) का 100वां शिकार किया है. बुधवार को मुख्यालय की टीम ने पटना जिले के नौबतपुर प्रखंड में कार्यरत प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (BSO) विनोद कुमार राम को 8,000 रुपये रिश्वत लेते हुए प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय परिसर से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.

रिपोर्ट भेजने के एवज में मांगी थी रिश्वत

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, पिपलाँवा थाना क्षेत्र के बेला गांव निवासी परिवादी कृष्णा शर्मा ने ब्यूरो कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकान की अगस्त 2026 की रिपोर्ट बनाकर भेजने के एवज में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा घूस की मांग की जा रही है. शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो द्वारा मामले का सत्यापन कराया गया, जिसमें घूस मांगने का प्रमाण सही पाया गया. इसके बाद 20 अगस्त को मामला (कांड संख्या 100/26) दर्ज किया गया. अनुसंधानकर्ता इंस्पेक्टर के अनुरोध पर डीएसपी आदित्य राज के नेतृत्व में एक धावा दल (टैप टीम) का गठन किया गया. धावा दल ने कार्रवाई करते हुए BSO विनोद कुमार राम को रिश्वत की राशि के साथ मौके से दबोच लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी के पटना स्थित आवास और ठिकानों की तलाशी ली जा रही है. पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी अधिकारी को विशेष न्यायालय, निगरानी (पटना) में पेश किया जाएगा.

निगरानी का ‘शतक’ पूरा

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने इस गिरफ्तारी के साथ वर्ष 2026 में अब तक कुल 100 अभियुक्तों को रंगे हाथ रिश्वत लेते गिरफ्तार करने की उपलब्धि दर्ज की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed