Patna: मुजफ्फरपुर पुलिस महकमे में कर्तव्य के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता और मनमानेपन पर एसएसपी ने सख्त रुख अपनाया है. एसडीपीओकी जांच रिपोर्ट के आधार पर पारू थानाध्यक्ष एसआई आशुतोष कुमार शुक्ला और औराई थानाध्यक्ष एसआई सुनील कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. दोनों पुलिस अधिकारियों को अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता और आदेश की अवहेलना के आरोप में सस्पेंड कर सामान्य जीवन यापन भत्ते पर भेज दिया गया है. एसएसपी की इस कठोर कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.

पारू थाना: हिरासत से व्यक्ति को छोड़ा, 15 दिनों में दो आरोपी हुए फरार

एसडीपीओ सरैया एवं अंचल पुलिस निरीक्षक, पारू की जांच रिपोर्ट में पारू थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार शुक्ला की गंभीर लापरवाही उजागर हुई है. पूछताछ के लिए लाए गए एक व्यक्ति को वरीय अधिकारियों को सूचना दिए बिना छोड़ दिया गया. चोरी की संपत्ति, आर्म्स एक्ट और बिहार मद्यनिषेध व उत्पाद अधिनियम के अभियुक्तों को सही तरीके से कस्टडी में न रखने के कारण 15 दिनों के भीतर 2 आरोपी कस्टडी से भाग निकले.

औराई थाना: ‘लूट’ के मामले को दबाया, ‘ई-साक्ष्य’ ऐप के इस्तेमाल में भी कोताही

एसडीपीओ पूर्वी-1 की रिपोर्ट के अनुसार, औराई थानाध्यक्ष सुनील कुमार पर संगीन आरोपों में केस को हल्का करने और जांच में लापरवाही का मामला पाया गया. लूट की गंभीर घटना को कम करके ‘गृह अतिचार/गृहभेदन’ (House Trespass) की हल्की धाराओं में दर्ज किया गया और वरीय अधिकारियों को गुमराह करने का प्रयास किया गया. अपराध अनुसंधान की अनिवार्य प्रक्रिया, जैसे ई-साक्ष्य ऐप (e-Sakshya App) पर घटनास्थल का विवरण दर्ज न करने, जब्ती व गवाहों के बयान में लापरवाही और लंबित कांडों की समीक्षा न करने की बात सामने आई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed