Patna: समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में पांच वर्षीय बच्चे की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ. घटना से आक्रोशित कुछ असामाजिक तत्वों ने सड़क जाम कर दिया. मौके पर पहुंची पुलिस के साथ नोक-झोंक और धक्का-मुक्की की गई. इस दौरान सरकारी पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपद्रव में शामिल लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ अलग से प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है.
हादसे में पांच वर्षीय बच्चे की मौत
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर को खानपुर थाना क्षेत्र के रेवड़ा सिंघियाही गांव में वाहन दुर्घटना में एक पांच वर्षीय बालक की मौत होने की सूचना मिली थी. सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए खानपुर थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची. जांच के दौरान बच्चे की मौत की पुष्टि हुई. बच्चे की मौत के बाद कुछ असामाजिक तत्वों ने सड़क जाम कर दिया. इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस के साथ नोक-झोंक और धक्का-मुक्की की गई. उपद्रवियों ने सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. घटना के बाद पुलिस ने उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू की है.
उपद्रवियों के खिलाफ अलग से दर्ज होगा मामला
पुलिस ने बताया कि मृतक बच्चे के परिजनों का बयान दर्ज कर लिया गया है. वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेजा गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सदर-02 कल्याणपुर के नेतृत्व में आगे की कार्रवाई की जा रही है. वही, सड़क जाम करने, पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करने और सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त करने वाले लोगों को चिह्नित किया जा रहा है. उनके विरुद्ध खानपुर थाना में अलग से प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है.
