Patna: खगड़िया जिले में अंधविश्वास और घरेलू विवाद ने एक महिला की जान ले ली. अलौली थाना क्षेत्र के संझौती गांव में पति ने कुदाल से वार कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी. मृतका की पहचान उषा देवी (46 वर्ष) के रूप में हुई है. घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति गजेन्द्र राम को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कुदाल भी बरामद कर जब्त कर लिया है.

इलाज या झाड़-फूंक, इसी बात पर पति-पत्नी में था तनाव

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी गजेन्द्र राम पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहा था और चिकित्सक से उसका इलाज भी कराया जा रहा था. हालांकि, वह इलाज के बजाय झाड़-फूंक करवाना चाहता था. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच तनाव चल रहा था. पुलिस ने बताया कि इसी विवाद के बीच आरोपी ने अपनी पत्नी पर कुदाल से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.

सुबह मिली हत्या की सूचना, मौके पर पहुंची पुलिस

11 नवंबर की सुबह करीब 4:45 बजे अलौली थाना पुलिस को सूचना मिली कि संझौती गांव के वार्ड संख्या सात निवासी गजेन्द्र राम ने अपनी पत्नी की कुदाल से वार कर हत्या कर दी है. सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ सदर-02, खगड़िया के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई. पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, खगड़िया भेज दिया. घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुदाल बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया. इस संबंध में मृतका के पुत्र विकास कुमार के लिखित आवेदन पर अलौली थाना (कांड संख्या 484/26) में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने आरोपी गजेन्द्र राम, पिता स्व. मिश्री राम, निवासी संझौती, वार्ड संख्या सात को गिरफ्तार कर लिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed