Patna: मोतिहारी जिले के कुण्डवाचैनपुर थाना क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और उसके शव को चोरी-छिपे खेत में दफनाने का मामला सामने आया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतका के भाई विराज कुमार को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, दीपावली की रात एक युवक से बातचीत करने को लेकर युवती को परिजनों ने डांटा था. इसके बाद युवती ने कथित तौर पर जहर खा लिया. इलाज के दौरान निजी अस्पताल में उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव को खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया था.

चौकीदार की सूचना पर खेत से निकलवाया गया शव

पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर को कुण्डवाचैनपुर थाना क्षेत्र के तेल्हारा कला गांव में चौकीदार के माध्यम से सूचना मिली कि एक युवती की मौत के बाद उसका शव खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया गया है. सूचना मिलते ही पुलिस ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराया. उनके निर्देश पर अंचलाधिकारी को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया. इसके बाद पुलिस और दंडाधिकारी की मौजूदगी में जमीन खोदकर शव बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

युवक से बातचीत को लेकर हुई थी डांट-फटकार

मामले की जांच के लिए एसडीपीओ चकिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. पुलिस ने मृतका के भाई विराज कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने बताया कि दीपावली की रात बहन को एक लड़के से बातचीत करने को लेकर डांटा गया था. इसके बाद युवती ने कथित रूप से जहर खा लिया. तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.

पुलिस के डर से खेत में दफना दिया शव

पुलिस के अनुसार, युवती की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना नहीं दी और पुलिस कार्रवाई के भय से शव को गांव के खेत में दफना दिया. मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को निकलवाया. घटनास्थल से कीटनाशक की दो खाली बोतलें भी बरामद की गई हैं. इनमें एक मिल्थियन इंसेक्टिसाइड और दूसरी मेटासिल इंसेक्टिसाइड की बोतल है. इस मामले में मृतका के भाई विराज कुमार, पिता रामाशंकर साह, निवासी तेल्हारा कला को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने कुण्डवाचैनपुर थाना (कांड संख्या 347/26) में मामला दर्ज किया है. युवती की मौत के वास्तविक कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed