Ranchi: गोड्डा जिले के राजाभीठा थाना क्षेत्र के बड़ा बरारो गांव स्थित जेडा सोलर प्लांट में चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी की पांच बैटरी, लुबी कंपनी का एक मोटर पंप और घटना में इस्तेमाल की गई बाईक बरामद की है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भलगोड़ा डुमरिया गांव निवासी जयप्रकाश लोहार (23) और जर्नादन साह उर्फ मंगना (22) के रूप में हुई है. दोनों राजाभीठा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं.
रात के अंधेरे में प्लांट का ताला तोड़ की थी चोरी
पुलिस के अनुसार, 27-28 सितंबर की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने बड़ा बरारो गांव स्थित जेडा सोलर प्लांट के कमरे का ताला तोड़ दिया था. इसके बाद वहां से 13 बैटरी चोरी कर ली गई थीं. मामले में मांझी किस्कू के आवेदन पर राजाभीठा थाना (कांड संख्या 23/26) में मामला दर्ज की गई थी. घटना के उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गोड्डा एसपी के निर्देश पर छापेमारी दल का गठन किया गया. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो अप्राथमिकी आरोपी को पकड़ लिया. छापेमारी के दौरान चोरी की पांच बैटरी, लुबी कंपनी का एक मोटर पंप और वारदात में इस्तेमाल की गई बाईक बरामद की गई. घटना में दो गिरफ्तार आरोपियों के अलावा एक अन्य व्यक्ति के पकड़े जाने का भी उल्लेख है, हालांकि उसकी पहचान और गिरफ्तारी की विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है.
