Patna: पटना मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्य को गति देने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को वर्ष 2028 तक निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया है. रविवार को नेहरू पथ पर परियोजना के निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि काम में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखा जाए. उन्होंने आम लोगों को निर्माण कार्य के कारण होने वाली असुविधा कम से कम रखने का भी निर्देश दिया.

नेहरू पथ पर दो फुट ओवरब्रिज बनाने का निर्देश

मुख्यमंत्री ने जे०डी० विमेंस कॉलेज तथा हाईकोर्ट चौराहा-बिहार म्यूजियम के पास नेहरू पथ पर दो फुट ओवरब्रिज बनाने का निर्देश दिया. इसका उद्देश्य निर्माण कार्य के दौरान और उसके बाद पैदल चलने वाले लोगों के आवागमन को अधिक सुविधाजनक बनाना है. अधिकारियों को इन स्थानों पर जनसुविधाओं को ध्यान में रखकर आवश्यक कदम उठाने को कहा गया.

इनकम टैक्स गोलंबर से हनुमान मंदिर तक लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने इनकम टैक्स गोलंबर, हाईकोर्ट चौराहा और हनुमान मंदिर के समीप चल रहे मेट्रो निर्माण कार्यों की प्रगति देखी. उन्होंने संबंधित अधिकारियों से परियोजना की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और निर्धारित समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए संबंधित विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है.

यातायात और आम लोगों की सुविधा को प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेट्रो निर्माण के दौरान यातायात प्रबंधन, आवागमन की सुगमता और नागरिकों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए. निर्माण स्थलों के आसपास ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे शहरवासियों के दैनिक आवागमन पर कम से कम असर पड़े. उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाते समय जनसुविधाओं की अनदेखी नहीं होनी चाहिए.

नियमित निगरानी और बेहतर समन्वय पर जोर

मुख्यमंत्री ने पटना मेट्रो रेल परियोजना को राजधानी की परिवहन व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए निर्माण की गति बढ़ाई जाए, लेकिन गुणवत्ता, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए.

कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री शीला कुमारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. इनमें नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, पटना मेट्रो रेल परियोजना के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार आर. पुडुकलकट्टी, भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अनिमेष कुमार परासर, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य अधिकारी शामिल थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *