Ranchi: चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र में पुलिस ने अफीम की खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके पास से 2.5 किग्रा अफीम, चार लाख रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपियों में लावालौंग थाना क्षेत्र के हेडुम निवासी मुनेश्वर कुमार यादव, कमलेश कुमार यादव, पंकज कुमार और गेरुआडीह के रहने वाले राकेश कुमार यादव का नाम शामिल है. आरोपी अफीम लेकर पंजाब जाने की तैयारी में थे. छापेमारी के दौरान एक व्यक्ति भागने में सफल रहा. इस मामले में लावालौंग थाना (कांड संख्या 74/26) में मामला दर्ज किया गया है.

मामले की जानकारी देते हुए चतरा एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि लावालौंग थाना क्षेत्र के हेडुम गांव निवासी मुनेश्वर कुमार यादव और दिनेश कुमार यादव अवैध अफीम की खरीद-बिक्री में शामिल हैं. सूचना के मुताबिक, कुछ ही देर में अफीम लेकर पंजाब जाने की तैयारी थी.। इसके बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए हेडुम गांव में छापेमारी की. इस दौरान अफीम की खरीद-बिक्री और उसे पंजाब ले जाने की तैयारी कर रहे चार लोगों को पकड़ा गया, जबकि एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया. छापेमारी के दौरान पुलिस ने मुनेश्वर कुमार यादव के पास से 2.5 किलोग्राम अफीम, चार लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन बरामद किए. इसके अलावा एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और कुल तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं. पुलिस बरामद सामान के आधार पर मामले की जांच कर रही है. गिरफ्तार आरोपी पहले भी अफीम तस्करी के मामले में जेल जा चुके हैं. मुनेश्वर कुमार यादव के खिलाफ हरियाणा के करनाल स्थित सिविल लाइन थाना (कांड संख्या 47/25) में मामला दर्ज है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed