Ranchi: राजधानी रांची के अंजुमन अस्पताल के आसपास लगातार हो रही मोबाइल चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस को सफलता मिली है. एसएसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे निगरानी अभियान के दौरान लोअर बाजार थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. उसके पास से चोरी का एक मोटोरोला मोबाइल, एक लेडीज बैग और तीन एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार आरोपी की पहचान आयुष गिरि (22 वर्ष), पिता प्रमोद मिस्त्री, के रूप में हुई है. उसका वर्तमान पता रांची के डेली मार्केट थाना क्षेत्र स्थित एक होटल बताया गया है, जबकि स्थायी पता जयपुर, राजस्थान के सुभाष चौक थाना क्षेत्र का है.
पुलिस के अनुसार, अंजुमन अस्पताल के आसपास मोबाइल चोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं. इन घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में सादे लिबास में पुलिसकर्मियों और तकनीकी निगरानी की व्यवस्था की गई थी. इसी दौरान एक मोबाइल चोर के पकड़े जाने की सूचना मिली. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद लोअर बाजार थाना (कांड संख्या 177/26) में मामला दर्ज किया गया.
