Patna: पॉक्सो और रेप मामलों में लापरवाही के आरोप में महिला थाना के अपर थानाध्यक्ष को एसपी ने निलंबित कर दिया है. किशनगंज एसपी संतोष कुमार ने अपर थानाध्यक्ष सुधा कुमारी को निलंबित करने से साथ ही विभागीय कार्यवाही के विरूद्ध स्पष्टीकरण भी मांगा है.
मिली जानकारी के अनुसार किशनगंज एसपी महिला थाना के अपर थानाध्यक्ष एसआई सुधा कुमारी को गंभीर प्रकृति के कांडों को लंबित रखने, दिये गये निर्देश के बावजूद न्यायालय में कांड दैनिकी नहीं भेजने के संबंध में साईबर डीएसपी से जांच कराया. जांच के क्रम में पाया गया कि सुधा कुमारी द्वारा न्यायालय में भेजे जाने वाले कांड दैनिकी को निर्देश के बावजूद ससमय नहीं भेजा गया. इनके द्वारा महिला थाना में पदस्थापन अवधि 8 माह के दौरान 21 कांड में मात्र 2 कांड का ही निष्पादन किया गया है तथा इनके पास काफी कांड अनुसंधान के लिए लंबित है. उक्त लंबित कांड, जिनमें से अधिकांश कांड पॉक्सो एवं बलात्कार से संबंधित कांड है, जिसमें अनुसंधान 60 दिनों के अन्दर पूर्ण करना होता है. उसके बावजूद भी अनुसंधान में लापरवाही बरती गयी है. जो इनके कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, मनमानेपन, स्वेच्छाचारिता, आदेशोल्लंघन, संदिग्ध आचरण के साथ-साथ विभागीय नियमों के उल्लंघन को परिलिक्षित करता है, जिसके आरोप में महिला थाना के अपर थानाध्यक्ष सुधा कुमारी को तत्काल प्रभाव से जीवन यापन भत्ता पर निलंबित किया गया है तथा पत्र प्राप्ति के 7 दिनों के अन्दर उपरोक्त प्रकरण के संदर्भ में विभागीय जाँच (कार्यवाही) के विरूद्ध स्पष्टीकरण समर्पित करने का निर्देश दिया गया है.
