Ranchi: हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली तंबाकू के कारोबार का खुलासा करते हुए Action 7 Tobacco के 523 नकली पैकेट बरामद किए हैं. पुलिस ने मामले में दो दुकानदारों को आरोपी बनाया है. कार्रवाई के दौरान बरही चौक गया रोड स्थित दुकान और संबंधित स्टोर की जांच की गई.
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि Som Aroma Pvt. Ltd. कंपनी के Action 7 Tobacco की नकली बिक्री बरही क्षेत्र में की जा रही है. सूचना के आधार पर टीम गठित कर गया रोड स्थित R.K. Traders में छापेमारी की गई. दुकान की जांच के दौरान Action 7 Tobacco का एक डिब्बा मिला, जिसे जांच में नकली पाया गया.
पूछताछ के दौरान दुकानदार संदीप सेठ ने पुलिस को बताया कि उसने यह माल रोहित वर्णवाल से लिया था. इसके बाद पुलिस ने गया रोड स्थित नरेश प्रसाद स्टोर में भी जांच की. यहां रोहित वर्णवाल के पिता नरेश प्रसाद की दुकान से 18 पैकेट नीले रंग के Action 7 Tobacco मिले, जो जांच में नकली पाए गए. छापेमारी में कुल 505 पैकेट पीले रंग के Action 7 Tobacco और 18 पैकेट नीले रंग के Action 7 Tobacco बरामद हुए. बरामद पैकेटों पर Manufacturing और Expiry Date अंकित नहीं थी. पैकेट के बाहर जहां MRP 5 रुपये दर्शाया गया था, वहीं अंदर पाउच पर MRP 3 रुपये अंकित पाया गया. पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे कंपनी के नाम और कॉपीराइट का उल्लंघन मानते हुए बरामद माल को जब्त कर लिया है. मामले में संदीप सेठ और रोहित वर्णवाल को आरोपी बनाया है. पुलिस ने बरामद नकली तंबाकू को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
