Patna: पुलिस महकमे में हड़कंप मचाने वाले को दबोच लिया गया है. आरोपी सीतामढ़ी के मोहनपुर में एक व्यक्ति को गोली मारने की सूचना दिया था. जब पुलिस मौके पर पहुंची तो किसी प्रकार की कोई घटना नही हुई थी. जांच में पता चला कि आरोपी पहले भी कई बार पुलिस को गुमराह कर चुका है. गिरफ्तार आरोपी मन्नू कुमार रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के मानपुर जौआ का रहने वाला है.
मिली जानकारी के अनुसार डायल 112 पर सूचना मिली कि मोहनपुर में एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है. सूचना प्राप्त होते ही डायल 112 टीम, गश्ती टीम, थानाध्यक्ष एवं सदर-1 एसडीपीओ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर जांच किया. जांच के दौरान उक्त किसी भी प्रकार की कोई घटना घटित नहीं पाई गई. सूचना देने वाले व्यक्ति के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, परंतु उसके द्वारा मोबाइल बंद कर लिया गया था. बाद में तकनीकी माध्यम से लोकेशन ट्रैक कर संबंधित व्यक्ति को पकड़ा गया, जो शराब के नशे में पाया गया. जांच में यह भी सामने आया कि उक्त व्यक्ति पूर्व में भी पुलिस को गुमराह करने हेतु भ्रामक एवं झूठी सूचनाएं दे चुका है, जिसके कारण पूर्व में भी उसे चेतावनी देते हुए पीआर बॉड पर छोड़ा गया था. बार-बार झूठी एवं भ्रामक सूचना देकर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने, पुलिस को गुमराह करने तथा सनसनी फैलाने वाली अफवाहपूर्ण खबरें प्रसारित करने के आरोप में (कांड संख्या-371/26) में मामला दर्ज कर पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
