Patna: बिहार पुलिस में सिपाही भर्ती के अंतिम परिणाम का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए खुशखबरी है. केंद्रीय चयन पर्षद (CSBC) ने अंतिम परिणाम जारी कर दिया है. अंतिम परिणाम एवं सूची का प्रकाशन किया जा रहा है. अभ्यर्थी इसे पर्षद के वेबसाईट https://csbc.bihar.gov.in पर देख सकते हैं.
केद्रीय चलन पर्षद के डीजी जितेन्द्र कुमार ने इसकी जानकारी दी है. केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के विज्ञापन संख्या 01/2025 दिनांक 11.03.2025 में विज्ञापित बिहार पुलिस में सिपाही के 19,838 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा जुलाई अगस्त, 2025 में छः चरणों में एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) दिनांक 15.12.2025 से 11.03.2026 तक पटना में आयोजित की गयी थी. विज्ञापन के तहत 17,06,628 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण किया इनमें से 13,30,121 अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा में भाग लिया. PET परीक्षा के लिए 99,690 अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा के परिणाम के आधार पर शॉटलिस्ट किया गया था. इसमें से 79,932 अभ्यर्थी भौतिक रूप से सम्मिलित हुये। इनमें 50,477 पुरुष, 29,426 महिला एवं 29 ट्रांसजेण्डर अभ्यर्थी शामिल हैं. शारीरिक दक्षता परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर मेधानुसार विज्ञापित रिक्तियों 19,838 के विरूद्ध 19,838 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है. इनमें से बिहार पुलिस के लिए 16,852 एवं बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के लिए 2,986 अभ्यर्थियों का चयन किया गया. चयनित 19,838 अभ्यर्थियों में 12,509 पुरुष, 7,312 बिहार मूल की महिला एवं 17 ट्रांसजेण्डर अभ्यर्थी शामिल हैं. चयनित अभ्यर्थियों में 332 बिहार राज्य में नामांकित एवं प्रशिक्षित गृहरक्षक एवं 190 स्वतंत्रता सेनानी के आश्रित शामिल हैं. आरक्षण कोटिवार गैर आरक्षित वर्ग के 7,935, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 1,983, पिछड़ा वर्ग के 2,381, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के 3,571, अनुसूचित जाति के 3,174, अनुसूचित जनजाति के 199 एवं पिछड़े वर्गों की महिलाएँ कोटि के 595 अभ्यर्थी शामिल हैं. अभ्यर्थियों को उनके आवंटित इकाई में नियुक्त प्राधिकार के समक्ष दिनांक 20.06.2026 से 19.07.2026 तक योगदान देना होगा. योगदान के लिए आवश्यक दस्तावेजों का विवरण प्रकाशित सूचना में अंकित है. अभ्यर्थियों का पूर्व चरित्र सत्यापन एवं चिकित्सीय जाँच संबंधित नियुक्ति प्राधिकारों द्वारा किया जाएगा.
