Patna: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘नेक संवाद’ में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की बैठक आयोजित हुई. बैठक में बिहार के सर्वांगीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास और जनकल्याण के लिए संगठन एवं सरकार के समन्वय को और मजबूत किया जाएगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को विकसित बनाने के लिए काम कर रहे हैं और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्ध बिहार का जो संकल्प लिया है, उसे पूरा करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 अगस्त के बाद वे जिलों का दौरा कर विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और वहीं रात्रि विश्राम भी करेंगे. मार्च 2027 से पहले सभी जिलों में पीपीपी मोड़ पर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण कार्य शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है.
जनकल्याण की योजनाएं
प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को प्रखंड स्तर पर सहयोग शिविर लगेंगे. आवेदनों का 30 दिन में निष्पादन होगा. संतुष्ट नहीं होने पर मामले दूसरे मंगलवार को राज्यस्तरीय सहयोग शिविर में मुख्यमंत्री स्तर पर निपटाए जाएंगे. हर महीने की 10 तारीख को 1 करोड़ लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का DBT होगा. पेंशन राशि 400 से बढ़ाकर 1100 रुपये की गई. महिलाओं के लिए रोजगार योजनाएं, घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली. इनसे राज्य पर 9,000 करोड़ का अतिरिक्त भार आया है.
सोलर और राशन कार्ड अभियान
प्रत्येक घर को सौर ऊर्जा से जोड़ने का अभियान. पहले चरण में 2.5 लाख घरों की छतों पर सोलर पैनल लगेंगे. NDA नेताओं से सहयोग की अपील. 1 करोड़ नए पात्र परिवारों का राशन कार्ड बनाया जाएगा. NDA कार्यकर्ता पात्रों की पहचान कर आवेदन में मदद करें.
संगठनात्मक निर्णय
मुख्यमंत्री और NDA प्रदेश अध्यक्षों की बैठक हर 3 माह पर होगी. 20 सूत्री और नागरिक परिषद से मिले सुझावों के आधार पर जिलास्तरीय समितियों का गठन किया जाएगा. हर माह के अंतिम रविवार को ‘पंचायत विकास दिवस’ मनाया जाएगा.
बैठक को JDU राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, गिरिराज सिंह, राष्ट्रीय लोक मोर्चा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव सहित NDA के सभी घटक दलों के प्रदेश अध्यक्ष और जिलाध्यक्षों ने संबोधित किया.
