Patna: खगड़िया पुलिस की मुस्तैदी और सूझबूझ से एक मरणासन्न महिला और उसकी मासूम बच्ची की जान बच गई. महिला को नशीला पदार्थ खिलाकर बोरे में बंद कर फेंक दिया गया था. मिली जानकारी के अनुसार बीते देर रात लगभग 02:30 बजे खगड़िया थाना की रात्रि गश्ती टीम महजुपुर गांधी चौक के समीप गश्त कर रही थी. इसी दौरान सड़क किनारे एक मासूम बच्ची के रोने की आवाज सुनी गई. पुलिस टीम ने तुरंत बच्ची को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया. एक बोरा बंद देखकर शक होने पर उसे खोला गया. अंदर लगभग 25 वर्षीय एक महिला अचेत अवस्था में मिली. महिला के हाथ पीठ की ओर बंधे हुए थे, लेकिन उसकी सांस चल रही थी. पुलिस टीम ने तुरंत महिला को खगड़िया सदर अस्पताल पहुंचाया. जहां समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बचाई जा सकी. इस संबंध में खगड़िया थाना (कांड सं0-134/26) में मामला दर्ज किया गया है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन कर छापेमारी की जा रही है.
पुलिस जांच में बड़ा खुलासा
जांच में चौकाने वाला तथ्य सामने आया कि महिला के पति द्वारा ही यह घटना अंजाम दी गई थी. महिला को नशीली पदार्थ खिलाकर एक बोरे में बंद कर जान मारने की नीयत से फेंक दिया गया था. एवं उनकी बेटी को मरने के लिए महिला के साथ ही छोड़ दिया था. यदि पुलिस टीम समय पर नहीं पहुंचती तो महिला के बोरे में बंद रहने से दम घुटने, नाले में गिरने अथवा अन्य गंभीर परिस्थितियों के कारण उसकी जान जा सकती थी. सड़क किनारे अकेली रो रही मासूम बच्ची भी किसी अप्रिय घटना का शिकार हो सकती थी.
