Patna: गयाजी के बिपार्ड (BIPARD) परिसर में बिहार विधानसभा के सदस्यों के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ. इस कार्यक्रम का उद्घाटन उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. यह विशेष कार्यक्रम बिपार्ड (गयाजी), प्राइड (लोकसभा) और बिहार विधानसभा सचिवालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है.
सक्षम विधायक और सशक्त विधानसभा ही समृद्ध बिहार की नींव: मुख्यमंत्री
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र की सफलता जनप्रतिनिधियों की क्षमता और जनता के प्रति उनकी जवाबदेही पर निर्भर करती है. ‘सक्षम विधायक और सशक्त विधानसभा’ ही समृद्ध बिहार की असली आधारशिला हैं.
जनहित के मुद्दों को तथ्यों के साथ उठाएं विधायक
मुख्यमंत्री ने विधायकों को याद दिलाया कि जनता ने उन्हें अपना विश्वास देकर सदन में भेजा है. प्रत्येक विधायक का दायित्व है कि वह अपने क्षेत्र की समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को पूरी तैयारी, तथ्यों और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ सदन में उठाए. उन्होंने सभी सदस्यों से विधानसभा की कार्यप्रणाली, नियमों और संसदीय परंपराओं का गहन अध्ययन करने की अपील की.
लोकतंत्र में सत्ता और विपक्ष दोनों का महत्व
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण है. सदन के भीतर स्वस्थ संवाद और सार्थक विमर्श ही विधानसभा की गरिमा को बढ़ाता है. उन्होंने सभी विधायकों से आग्रह किया कि वे विधानसभा सत्र के दौरान अधिक से अधिक समय सदन को दें.
15 जुलाई से खुलेंगे 213 नए डिग्री कॉलेज
बिहार में उच्च शिक्षा के विस्तार को लेकर सरकार ने एक बड़ा ऐलान किया है. मुख्यमंत्री ने बताया कि आगामी 15 जुलाई से राज्य के विभिन्न प्रखंडों में 213 नए डिग्री कॉलेजों की शुरुआत की जाएगी. यह कदम युवाओं को उनके ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा.
‘विकसित भारत’ और ‘समृद्ध बिहार’ का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ‘समृद्ध बिहार’ के सपने को साकार करने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को एकजुट होकर काम करना होगा. सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हर नेता की जिम्मेदारी है.
तकनीक, एआई (AI) और विकास का नया मॉडल
मुख्यमंत्री ने विधानसभा की कार्यप्रणाली को आधुनिक बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (A.I.) और नई तकनीकों के उपयोग पर बल दिया. बिहार में पीपीपी (PPP) मॉडल के जरिए बस स्टैंड, टाउनशिप और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को गति दी जा रही है. सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘सहयोग कार्यक्रम’ में उन्होंने सभी विधायकों से सक्रिय भागीदारी निभाने का अनुरोध किया ताकि जनता को त्वरित न्याय मिल सके.
गरिमामयी उपस्थिति
इस ऐतिहासिक प्रबोधन कार्यक्रम को बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार, बिहार विधानपरिषद् के सभापति अवधेश नारायण सिंह एवं उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी ने भी संबोधित किया. कार्यक्रम के दौरान बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेन्द्र नारायण यादव, राज्य सरकार के मंत्रीगण, विधायकगण सहित मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार और बिपार्ड के महानिदेशक डॉ० बी० राजेन्दर समेत कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे. इससे पूर्व, गयाजी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री ने उपराष्ट्रपति का पुष्पगुच्छ देकर गर्मजोशी से स्वागत किया.
