Patna: बेगूसराय जिले की चकिया थाना पुलिस ने सिमरियाघाट मेला क्षेत्र में सक्रिय छिनतई (स्नैचिंग) करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मेले से दो शातिर अपराधियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. इनके पास से चोरी और छिनतई के 3 एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार आरोपी अनिल महतो और मोहन कुमार चकिया थाना क्षेत्र के सिमरियाघाट बिन्दटोला का रहने वाला है.

कौड़ियों के भाव बेच रहे थे मोबाइल, ऐसे हत्थे चढ़े

चकिया थाना पुलिस को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि सिमरियाघाट मेला में दो युवक घूम-घूम कर बेहद कम दाम (एक हजार और दो हजार रुपये) में एंड्रॉइड मोबाइल फोन बेचने की फिराक में हैं. शक होने पर कि मोबाइल चोरी या छिनतई के हैं. सूचना पर पुलिस मेले में पहुंची तो अपनी तरफ आते देख दोनों अपराधियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही दबोच लिया. जब पुलिस ने पकड़े गए दोनों युवकों की तलाशी ली, तो उनके पास से 3 महंगे एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद हुए. कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों अपराधियों ने स्वीकार किया कि ये तीनों मोबाइल फोन छिनतई के हैं और वे इन्हें मेले में सस्ते दामों पर बेचकर पैसे ठिकाने लगाने वाले थे. इस मामले में चकिया थाना (कांड संख्या- 75/26) में मामला दर्ज किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed