Ranchi: झारखंड के पुलिसकर्मी सह समाजसेवी प्रवीण तिवारी को सामाजिक कार्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया है. यह सम्मान Cambridge International Open and Online University, जो कनाडा के कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से संबद्ध संस्थान है, द्वारा प्रदान किया गया.
दिल्ली में हुआ सम्मान समारोह
सम्मान समारोह होटल सूर्या, नई दिल्ली में आयोजित किया गया. इस दौरान प्रवीण तिवारी को मानद डॉक्टरेट की उपाधि भारत निर्वाचन आयोग के पूर्व संयुक्त निदेशक डॉ. एमडी अमीन ने प्रदान की. कार्यक्रम में वरिष्ठ आरएसएस पदाधिकारी डॉ. इंद्रेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे.
सामाजिक कार्यों के लिए मिली पहचान
प्रवीण तिवारी झारखंड पुलिस में अपनी पेशेवर जिम्मेदारियों के साथ-साथ लंबे समय से समाज कल्याण की विभिन्न पहलों से जुड़े हुए हैं. समाज में उनके निरंतर प्रयासों और योगदान को देखते हुए उन्हें इस सम्मान के लिए चुना गया.
अन्य 3 हस्तियां भी सम्मानित
इस समारोह में प्रवीण तिवारी के साथ 3 अन्य प्रतिष्ठित हस्तियों को भी मानद डॉक्टरेट से नवाजा गया. इनमें दिल्ली विकास प्राधिकरण के आयुक्त वी. एस. तोमर को लोक प्रशासन के क्षेत्र में योगदान के लिए, राहुल गुप्ता को शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए और डॉ. कमला कौशिक को संगीत के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया. सम्मान समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहीं. इस अवसर पर सभी सम्मानित व्यक्तियों के समाज और उनके क्षेत्र में दिए गए योगदान को सराहा गया.
