Patna:बिहार सरकार ने युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए ‘कौशल क्रांति’ की रफ्तार तेज कर दी है. सात निश्चय-3 के तहत विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में बड़ा खुलासा हुआ. नवंबर 2025 से मई 2026 तक 63,115 रोजगार अवसर सृजित किए गए हैं.
विकास आयुक्त ने साफ कहा – अब बिहार की स्किलिंग भविष्य की जरूरत के हिसाब से होगी. सोलर टेक्नोलॉजी, AC टेक्नीशियन, प्लंबिंग, एनर्जी मैनेजमेंट, बैटरी टेक, इलेक्ट्रिक व्हीकल, ग्रीन जॉब्स और AI बेस्ड क्षेत्रों में स्पेशल ट्रेनिंग शुरू होगी. बड़ी कंपनियों के साथ पार्टनरशिप कर कोर्स चलाए जाएंगे.
क्या-क्या हुआ हासिल
रोजगार सेतु पोर्टल: अब तक 68,822 युवाओं को नौकरी के मौके मिले.
ITI आधुनिकीकरण: टाटा टेक्नोलॉजीज के साथ 149 ITI अपग्रेड हुए. यहां EV, इंडस्ट्री 4.0, IoT, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन के 23 नए कोर्स चल रहे हैं.
पॉलिटेक्निक: 44 सरकारी पॉलिटेक्निक के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से 26,740 युवा ट्रेंड हुए और 4,600 को सीधे नौकरी मिली.
PM-SETU: 3,615 करोड़ की लागत से 15 हब और 60 स्पोक ITI क्लस्टर बन रहे हैं.
नामांकन में छूट
अभी ITI में 76% सीटें भरी हैं. विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि जहां पहले चरण में 75% से कम एडमिशन हुए, वहां दूसरे चरण में पात्रता शर्तें आसान कर ज्यादा युवाओं को मौका दें. मुख्यमंत्री के ‘दोगुना रोजगार-दोगुनी आय’ लक्ष्य को पाने के लिए मेगा स्किल सेंटर, आर्यभट्ट इंटरनेशनल स्किल हब, रोजगार सेतु और PM-SETU जैसी योजनाएं गेमचेंजर साबित होंगी. आगामी मेगा जॉब फेयर से पहले उद्योगों की डिमांड का पूरा विश्लेषण किया जाएगा.
नई पहलें
स्थायी टेस्टिंग सेंटर: दशरथ मांझी कौशल परिसर में बेल्ट्रॉन के साथ सेंटर बनेगा. रोज 100 अभ्यर्थियों का स्किल टेस्ट, टाइपिंग, एप्टीट्यूड टेस्ट होगा. IIIT से सर्टिफिकेशन मिलेगा.
AI वीडियो मॉड्यूल: 90 AI बेस्ड ट्रेनिंग वीडियो तैयार.
विदेशी भाषा: अंग्रेजी, जापानी, जर्मन, अरबी की ट्रेनिंग चल रही है. जल्द कोरियन, फ्रेंच, स्पेनिश भी जुड़ेंगी.
महिला ITI: हेल्थकेयर, पैरामेडिकल, मेडिकल सपोर्ट कोर्स को प्राथमिकता.
