Patna: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘बिहार को और सुंदर बनाएंगे’ का संकल्प दोहराते हुए शुक्रवार को पटना में 286 करोड़ रुपये की 157 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया. संकल्प सभागार से रिमोट के जरिए 239 करोड़ की 114 योजनाओं का उद्घाटन और 47 करोड़ की 43 योजनाओं का शिलान्यास हुआ. मुख्यमंत्री ने कहा, “राज्य सरकार PM नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ‘समृद्ध बिहार’ के संकल्प के अनुरूप शहरों को आधुनिक, स्वच्छ और विश्वस्तरीय बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. पटना की ऐतिहासिक पहचान को आधुनिक विकास से जोड़ रहे हैं. “कार्यक्रम में नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा, प्रधान सचिव विनय कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, महापौर सीता साहू, विधायक रत्नेश कुमार, संजय कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद थे.
रिवर फ्रंट-रोजगार पर फोकस
पटना स्मार्ट सिटी के तहत रिवर फ्रंट डेवलपमेंट, JP गंगा पथ, ग्रीन एरिया, पार्किंग, गार्डन और वॉकिंग पाथ-वे का उद्घाटन हुआ. साथ ही आधुनिक डिजाइन की 50 दुकानों का शिलान्यास और 200 प्रीफैब्रिकेटेड दुकानों का उद्घाटन किया गया. मुख्यमंत्री ने कहा इससे रोजगार के नए अवसर बनेंगे.
मुख्य घोषणाएं
लोकनायक JP नारायण पार्क: अमृत 2.0 के तहत 11.44 करोड़ से ‘वेस्ट टू वंडर’ थीम पर बनेगा. यहां JP की जीवनी भी चित्रित होगी. ये पार्क पर्यावरण संरक्षण का केंद्र बनेगा.
नया पाटलिपुत्र टाउनशिप: पटना में 66,000 एकड़ में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सैटेलाइट टाउनशिप विकसित होगी. आवासीय, शैक्षणिक, स्वास्थ्य, व्यावसायिक और मनोरंजन की विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी.
कचरा मुक्त पटना: ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत किया जाएगा. शहर को साफ-सुथरा बनाने पर जोर.
नमामि गंगे: पटना के हर घर को सीवरेज नेटवर्क से जोड़ने का काम तेज होगा. गंगा की स्वच्छता के साथ शहरी स्वच्छता बढ़ेगी.
सब्जी हाट योजना: वार्ड स्तर पर स्थानीय जरूरत के हिसाब से सब्जी हाट बनाए जाएंगे. इससे बाजार और ट्रैफिक दोनों सुगम होंगे.
