Ranchi: सीताराम हेम्ब्रम हत्याकांड का खुलासा करते हुए साहेबगंज के बरहेट थाना पुलिस ने शूटर समेत तीन आरोपी को गिरफ्तार किया है. जमीन विवाद में इस वारदात को अंजाम देने के लिए मृतक के चचेरे भाई ने गोड्डा के शूटर को एक लाख रुपया दिया था. गिरफ्तार आरोपी में बरहेट थाना क्षेत्र के बड़ा उदाली के रहने वाले जेठा हेम्ब्रम, बेटका टुडु उर्फ पुष्पाराज और गोड्डा जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र के धनकुंडा के रहने वाले झारखंड़ी दादा उर्फ ताला मरांडी का नाम शामिल है. बेटका टुडू उर्फ पुष्पराज और झारखण्डी दादा उर्फ ताला मरांडी का अपराधिक इतिहास रहा है. आरोपी के विरुद्ध पांच मामला दर्ज है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 8 मई की रात करीब 1:30 बजे सूचना मिली कि जेठा हेम्ब्रम ने सीताराम हेम्ब्रम की गोली मारकर हत्या कर दिया है. इस संबंध में बरहेट थाना (कांड संख्या 60/26) में मामला दर्ज किया गया. मामले के उद्भेदन के लिए बरहरवा एसडीपीओ के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया. गठित टीम कार्यवाई करते हुए जेठा हेम्ब्रम को गिरफ्तार किया. आरोपी ने अपराध स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि सीताराम हेम्ब्रम मेरा चचेरा भाई लगता है मेरा अपने चचेरे भाई सीताराम हेम्ब्रम से जमीन का विवाद करीब 6-7 साल से चल रहा है. जमीन जड़ी बस्ती में है जिसका रकबा करीब 14 बीघा है. हमलोग का पुस्तैनी जमीन का बंटवारा पूर्व में मेरे और सीताराम हेम्ब्रम के बाप दादा मौखिक रूप से किये थे जिसमें मेरे पिता को हिस्सा मिला हुआ था परन्तु सीताराम हेम्ब्रम हमको जमीन नहीं दे रहा था. जिस कारण मेरा सीताराम हेम्ब्रम के साथ बराबर विवाद होता था.

घटना से कुछ दिन पहले फिर हम सोचे कि सीताराम हेम्ब्रम को मार देते हैं जिससे जमीन पर मेरा कब्जा हो पायेगा. फिर हम अपने ही गांव के बेटका टुडु जो हाल फिलहाल में जेल से छूटकर आया है उससे मुलाकात किये और सारी समस्याओं को बताये. बेटका टुडु हमको बताया कि मेरा जान पहचान कुछ लोगों से है जो तुम्हारा काम करवा देगा लेकिन उसके लिए पैसा लगेगा. उसके बाद बेटका टुडु मुझे ललमटिया थाना क्षेत्र के रहने वाले झारखंड़ी दादा उर्फ ताला मरांडी से बात करवाया. बात करने के दरमियान ताला मरांडी उर्फ झारखंड़ी दादा हमको बोला कि काम का एक लाख रुपया लगेगा, काम हो जायेगा. उसके बाद घटना से करीब 01 महीने पहले मैं, बेटका टुडु के साथ राजाभिटा थाना क्षेत्र स्थित रतनपुर हटिया गया जहां पर मुझे बेटका झारखंडी दादा से मिलवाया. ताला मरांडी उर्फ झारखंडी दादा हमको बोला कि तुम्हारा काम हो जायेगा लेकिन कुछ पैसा एडीभांस लगेगा, हथियार और शूटर उपलब्ध करा दूंगा. मैं 40000 रुपया लेकर गया था जो मैंने झारखंडी दादा को एडवांस के रूप में दे दिया और बाकी पैसा काम होने पर देने का वादा किया. 4 मई को एक अन्य आरोपी कुसमा बाजार हथियार और गोली लेकर आया जहां से बेटका टुडु उसको लाने कुसमा बाजार गया. लेकिन रात में बारिश होने के कारण छोटा उदाली में रूक गया. अगले दिन 5 मई को सुबह बेटका टुडु और एक अन्य अपराधी मेरे घर आया. बेटका टुडु अपने घर चला गया एवं एक अन्य फिरार आरोपी मेरे घर पर ही रूक गया. फिर हमलोग तीनों अगले दिन सीताराम हेम्ब्रम को मारने का योजना बनाये. 7 मई को हमलोग तीनों मेरे ही घर में रात का खाना खा पीकर समय करीब 09 बजे रात्री को सीताराम के घर पर गये और शराब मांगने का बहाना कर सीताराम को घर से बाहर बुलाये. जैसे ही सीताराम बाहर आया मंगाये हुए हथियार से सीताराम हेम्ब्रम के कनपट्टी में गोली मार दिया. जिससे वह वहां पर गिर गया. फिर हमतीनों वहां से भाग गये और छिप छिपाकर कर रहने लगे. घटना के बाद अन्य एक फिरार आरोपी अपने साथ हथियार लेकर चला गया. जिसके आधार पर बेटका टुडू एवं झारखंडी दादा उर्फ ताला मरांडी को गिरफ्तार किया गया. एक अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed