Patna: गोपालगंज पुलिस ने जादोपुर थाना में भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के एक सनसनीखेज मामले का उद्भेदन किया है. इस मामले में तत्कालीन थाना प्रभारी अनिल राम सहित 2 चौकीदार और 1 दलाल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. सभी को निलंबित भी कर दिया गया है. गिरफ्तार आरोपी में शेखपुर जिले क मेहुस थाना क्षेत्र के लवनीपुर के रहने वाले तत्कालीन थाना प्रभारी अनिल राम, जादोपुर थाना क्षेत्र के विशुनपुर के रहने वाले दलाल राजू यादव, थाना चालक राकेश कुमार और नगर थाना क्षेत्र के एकडेरवा के रहने वाले चौकीदार महंथ कुमार यादव का नाम शामिल है. थाना प्रभारी के विरुद्ध जो साक्ष्य मिले है उनमें स्टेशन डायरी में एंट्री नहीं, PR Bound, और दलाल से थाना प्रभारी की मोबाइल पर लगातार बातचीत होता था. इस मामले में जादोपुर थाना (कांड संख्या- 185/26) में मामला दर्ज किया गया है.
थाने में चलता था ‘वसूली का धंधा’
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 अगस्त को गुप्त सूचना मिली कि थाना प्रभारी अनिल राम अपने पद का दुरुपयोग कर आम नागरिकों से अवैध राशि की मांग और वसूली कर रहे हैं. गोपालगंज एसपी के निर्देश पर डीएसपी मुख्यालय ने जांच की. 18 अगस्त को सौंपी गई जांच रिपोर्ट में कई गंभीर आरोप सही पाए गए. जितन राम, विजय राम, शंकर राम और एक महिला व उसकी नाबालिग पुत्री को बिना प्राथमिकी के लगभग 36 घंटे तक थाने में अवैध रूप से बंद रखा गया. दलाल राजू यादव के जरिए जितन राम और अन्य ग्रामीणों से 50,000 रुपये की मांग की गई. महिला और नाबालिग पुत्री को छोड़ने के नाम पर चौकीदार महंथ यादव ने 75,000 रुपये वसूले थे. सतेन्द्र सिंह के बेटे लव-कुश का नाम केस से हटाने के लिए 55,000 रुपये मांगे गए. जांच को प्रभावित करने के लिए गवाहों को दलालों और चौकीदारों से धमकवाया गया.
