Patna: नालन्दा जिले के बिहारशरीफ स्थित शीतला देवी मंदिर में हुए भगदड़ में श्रद्धालुओं की मौत पर मुख्यमंत्री ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है. मृतकों के आश्रितों को 6-6 लाख मुआवजा देने का ऐलान किया है. आपदा प्रबंधन विभाग से 04-04 लाख रूपये एवं मुख्यमंत्री राहत कोष से 02-02 लाख रूपये (कुल 06 लाख रूपये) देने का निर्देश दिया गया.
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने नालंदा जिले के बिहार शरीफ स्थित शीतला देवी मंदिर में हुये भगदड़ में श्रद्धालुओं की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना काफी दुखद है और मैं इससे मर्माहत हूँ. मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग से 04-04 लाख रूपये एवं मुख्यमंत्री राहत कोष से 02-02 लाख रूपये (कुल 06 लाख रूपये) अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री के निर्देश पर वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुँच गये है तथा राहत एंव बचाव कार्य में जुटे हुये है. मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल हुये लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है और उनकी समुचित इलाज कराने का निर्देश दिया है.
भीड़ अनियंत्रित हो गई भगदड़
मिली जानकारी के अऩुसार नालंदा जिले के बिहारशरीफ स्थित मघड़ा गांव में शीतला मंदिर में मंगलवार की वजह से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. इसी दौरान पूजा करने के क्रम में भीड़ अनियंत्रित हो गई और भगदड़ मच गई. भगदड़ में मरने वालों की संख्या 9 हो गई है. एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं और मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है. भगदड़ के बाद आक्रोशित लोगों ने पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया. आक्रोशित लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की लापरवाही के कारण ही आठ महिलाओं की जान चली गई. अगर समय रहते उचित व्यवस्था की जाती, तो इस तरह का दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था. हंगामे के दौरान अस्पताल और मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. घटना की सूचना मिलते ही दीपनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया. हर बार इसी तरह भीड़ होती है लेकिन इससे पहले ऐसा हादसा नहीं हुआ. अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है कि भगदड़ कैसे मची और कहीं इसके पीछे कोई साजिश तो नहीं है.
