Patna: मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. प्रेम-प्रसंग को लेकर हुए विवाद में आरोपी प्रेमी ने ही महिला और उसके 6 वर्षीय बेटे की हत्या कर दी. पुलिस कांटी थाना क्षेत्र के ही प्रेमी और मुख्य आरोपी विकास कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में अब तक 2 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. पूछताछ में विकास ने बताया कि मंजू के दो विवाह पहले हो चुके थे और उससे उसका प्रेम-प्रसंग था. किसी अन्य व्यक्ति से मंजू के संबंध की आशंका को लेकर हुए विवाद में उसने 23 जुलाई को मंजू और उसके 6 वर्षीय बेटे आर्यन कुमार की हत्या कर दी. पहचान छिपाने के लिए दोनों के चेहरे पर एसिड डाल दिया और शवों को अलग-अलग जगह ठिकाने लगा दिया. विकास की निशानदेही पर पुलिस ने विशुनपुर सुमेर के बगीचे के पास झाड़ियों से आर्यन का शव बरामद किया. साथ ही प्लास्टिक की बोतल में हरे रंग का तरल पदार्थ और मंजू का मोबाइल भी बरामद हुआ.
27 जुलाई को मिला था महिला का शव
मिली जानकारी के अनुसार 27 जुलाई को कांटी थाना क्षेत्र के विशुनपुर सुमेर स्थित बगीचा के पास झाड़ी में एक महिला का अर्ध सड़ा-गला शव मिला था. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया की मदद से शव की पहचान मंजू कुमारी निवासी थाना-कांटी के रूप में हुई. मृतका के पिता के आवेदन पर कांटी थाना (कांड संख्या 481/26) में मामला दर्ज किया गया. आवेदन में 5 नामजद लोगों पर हत्या और 6 वर्षीय नाती को गायब करने का आरोप था. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई. गठित टीम ने 31 जुलाई को नामजद आरोपी हरि पासवान को गिरफ्तार कर जेल भेजा. इसके बाद मिली सूचना पर मृतका के प्रेमी और मुख्य आरोपी विकास कुमार को भी गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने घटना स्थल से खून लगा कपड़े का पर्दा, खून लगी टी-शर्ट, छोटे बच्चे की चप्पल, मोबाइल और एसिड की बोतल बरामद की है.
