Ranchi : राजधानी के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के लटमा रोड, हेसाग निवासी मेधा मिश्रा (37), पिता शारंगधर मिश्रा पिछले 10 दिनों से लापता हैं. शारंगधर मिश्रा एजी ऑफिस में अधिकारी रह चुके हैं. परिजनों के अनुसार, मेधा छह सितंबर की शाम पिता के साथ किसी काम से सिंहमोड़ गई थी. वहां से पिता से कहा – आप घर चले जाइये, मैं वापस आ जाऊंगी. शाम 06:30 बजे पिता घर लौट आए, लेकिन देर रात तक मेधा घर नहीं लौटी. तीन दिनों तक परिजनों ने अपने स्तर पर खोजबीन की. कोई सुराग नहीं मिलने पर पिता शारंगधर मिश्रा ने जगन्नाथपुर थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज तो कर लिया, लेकिन 10 दिन बीत जाने के बाद भी लापता महिला का कोई पता नहीं चल सका है. मेधा का मोबाइल भी लगातार बंद आ रहा है.

 

शारंगधर मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने मोबाइल लोकेशन खंगाला तो अंतिम लोकेशन छह सितंबर की शाम सात बजे डोरंडा थाना के पास झंडा चौक के समीप का मिला. इसके बाद मोबाइल स्विच ऑफ हो गया. परिजनों को अंदेशा है कि वह डोरंडा में ही एक ब्यूटी पार्लर में काम की तलाश में गई थी. उन्होंने बताया कि एक अंजान नंबर से लगातार कॉल भी आ रहा है, लेकिन कॉल रिसीव करने पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं देता और फोन काट देता है. परिजनों ने पुलिस से उस नंबर की जांच और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed